150 करोड़ की प्रॉपर्टी के विवाद में बेटे ने गोलियां बरसाकर की पिता की हत्या

Ghaziabad (Deepak Sain) : गाजियाबाद के मोदीनगर में बुधवार रात 150 करोड़ की प्रॉपर्टी के विवाद में बेटे ने पिस्टल से गोलियां बरसाकर अपने पिता की हत्या कर दी। पिता की हत्या के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्यारोपी बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला :
मोदीनगर के गांव बेगमाबाद बुदाना निवासी हरिओम अपनी पत्नी अनीता, बडे बेटे निखिल और छोटे बेटे नीशू के साथ रहते रहते थे। हरिओम सम्पन्न किसान थे और मोदीनगर में उनके नाम पर 75 बीघा जमीन और दिल्ली मेरठ रोड़ पर जीवन अस्पताल के सामने उनकी मार्किट थी। जिनकी कीमत करीब 150 करोड़ है। बुधवार रात हरिओम के बड़े बेटे निखिल ने प्रोपर्टी के विवाद के चलते अपने पिता पर पिस्टल से गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी।
अवैध पिस्टल से पिता को मारी 6 गोलियां :


एसीपी मोदीनगर भाष्कर वर्मा ने बताया कि बुधवार रात करीब 12 बजे निखिल शराब पीकर घर आया। जिसके बाद निखिल की अपने पिता हरिओम से प्रोपर्टी को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद निखिल ने अपने पिता के चेहरे, सीने और पेट में 6 गोलियां मारी और मौके से फरार हो गया। परिजन लहुलूहान हालत में हरिओम को अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
8 साल पहले निखिल ने अपने छोटे भाई को मारी थी गोली :
करीब 8 साल पहले पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू को भी गोली मारी थी। गोली नीशू के हाथ में लगी थी और किसी तरह उसकी जान बच गई।
25 बीघा जमीन और मार्किट की दुकान थी निखिल के नाम, फिर भी बना रहा था पिता पर दबाव :
मिली जानकारी के अनुसार हरिओम ने अपने बड़े बेटे निखिल के नाम 25 बीघा जमीन और मार्किट की दुकाने नाम कर रखी थी। निखिल शराब पीने का आदि था। इसी वजह से पिता हरिओम से उसका अक्सर विवाद होता था। निखिल अपने पिता पर बाकि की सम्पत्ति भी अपने नाम करवाना चाहता था। हरिओम इसके लिए तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि बेटा जमीन बेचकर शराब पी जायेगा और सारी सम्पत्ति बर्बाद कर देगा। बुधवार रात इसी विवाद के दौरान हरिओम ने अपने बेटे निखिल को डांटा तो निखिल ने अपने पिता की हत्या कर दी।
हत्या की वारदात के बाद पुलिस के आलाधिकारी पहुंचे मौके पर :


बेटे द्वारा गोलियां बरसाकर पिता की हत्या की वारदात के बाद डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी और एसीपी मोदीनगर भाष्कर वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारी कथन :
परिजनों ने हत्या की वजह जमीनी विवाद बताया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हत्यारोपी बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेगी।
भाष्कर वर्मा, एसीपी मोदीनगर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *