
Ghaziabad (Deepak Sain) : मोदीनगर तहसील क्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा महिला द्वारा लेखपाल पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाले मामले में नया मोड़ आ गया है। महिला के देवर ने आरोप लगाने वाली महिला पर अपने भाई की हत्या करने और गैर कानूनी तरीके से उसके हिस्से की सम्पत्ति हड़पने का आरोप लगाया है। महिला के देवर ने समाधान दिवस में आरोपी महिला के खिलाफ शिकायत की है।
यह है पूरा मामला :
एक गांव निवासी एक महिला ने मंगलवार को तहसील मोदीनगर पहुंचकर हल्का लेखपाल पर अपने कार्यालय में दुष्कर्म किये जाने का आरोप लगाया। महिला का आरोप था कि वारिस प्रमाण पत्र बनवाने की एवज में हल्का लेखपाल ने पिछले दो माह में उसके साथ 4 बार दुष्कर्म किये जाने की वारदात को अंजाम दिया। महिला ने इसकी शिकायत एसीपी मोदीनगर और एसडीएम मोदीनगर से की। एसीपी अमित सक्सेना ने मामले की जांच कराये जाने का आश्वासन दिया।
दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला पर लगा पति की हत्या कर सम्पत्ति हड़पने का आरोप :
बुधवार को महिला के देवर ओमीन्द्र ने तहसील कार्यालय पहुंचकर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला पर पति की हत्या करने और फर्जी तरीके से उसके हिस्से की सम्पत्ति हड़पने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि पहले से शादीशुदा होने के बावजूद भी महिला ने उसके भाई को धोखे में रखकर शादी की और बाद में उसकी हत्या कर दी। महिला पर पति की हत्या कर उसकी सम्पत्ति हड़पने का आरोप लगाया गया है। मृतक के भाई ओमीन्द्र ने सोमवार को तहसील पहुंचकर समाधान दिवस में महिला के खिलाफ शिकायत भी की है।
लेखपाल बोले दबाव बनाकर गलत रिपोर्ट लगवाना चाहती थी महिला :
वहीं इस मामले में हल्का लेखपाल ने बताया कि उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला गलत तरीके से वारिस प्रमाण पत्र बनवाना चाहती थी। मामला विवादित होने पर उन्होंने इसकी जांच आख्या तहसील में दे दी। जिससे नाराज होकर महिला ने उन पर दुष्कर्म किये जाने का झूठा आरोप लगाया है।
अधिकरियों ने मामले की गहनता से जांच के आदेश :
इस मामले में एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने पुलिस को मामले की गहनता से जांच करने के आदेश दिये हैं। वहीं एसडीएम मोदीनगर अजित सिंह ने भी प्रकरण की जांच के आदेश दिये हैं।
