रजिस्ट्री ई-पंजीकरण के विरोध में वकीलों और बैनामा लेखकों ने निकाला जुलूस

Ghaziabad (Deepak Sain) : प्रदेश सरकार की बैनामों के ई-पंजीकरण के विरोध में सोमवार को मोदीनगर तहसील परिसर में वकीलों और बैनामा लेखकों का अनिश्तिकालीन धरना सोमवार को 18वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान नाराज वकीलों और बैनामा लेखकों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर तहसील कार्यालय से मोदी मंदिर तक जुलूस निकाला।
हाथों पर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध :
सोमवार सुबह मोदीनगर तहसील परिसर में बैनामा लेखक संघ के सदस्य और बार एसोसिएशन मोदीनगर के अधिवक्ता धरना स्थल पर एकत्रित हुए। जिसके बाद बैनामा लेखकों और सभी अधिवक्ताओं ने अपने-अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर प्रदेश सरकार की ई-पंजीकरण स्कीम को लेकर विरोध प्रकट किया।
तहसील कार्यालय से मोदी मंदिर तक निकाला जुलूस :
इसके बाद बैनामा लेखकों और अधिवक्ताओं ने तहसील कार्यालय से मोदी मंदिर तक मेरठ-दिल्ली हाईवे पर पैदल मार्च करते हुए जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
मांगे पूरी नहीं होने पर दी बड़े आंदोलन की चेतावनी :
बार एसोसिएशन मोदीनगर के अधिवक्ताओं और बैनामा लेखक संघ के सदस्यों का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा जमीन और मकान के बैनामों के लिए ई-पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। जिस कारण यह काम निजी कंपनी के हाथों में चला जायेगा और लाखों परिवार भुखमरी की कगार पर आ जायेंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगे पूरी नहीं की गई तो पूरे प्रदेश में एक बड़ा आंदोलन किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *