बंद सूटकेस में मिली महिला की लाश, पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी

Ghaziabad (Deepak Sain) : लोनी के बेहटा हाजीपुर-बंथला मार्ग पर मंगलवार सुबह नहर किनारे एक सूटकेस में महिला का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। हत्या कर महिला के शव को यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिये हैं।
यह है पूरा मामला :
लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र के बेहटा हाजीपुर-बंथला मार्ग पर मंगलवार सुबह नहर किनारे चादर से लिपटे सूटकेस को कुत्ते खींच रहे थे। राहगीरों को शक होने पर इसकी सूचना फोन करके पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लोनी पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
कपड़े में लिपटे सूटकेस में बंद मिला महिला का शव :


सूटकेस खोले जाने के बाद उसमें से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। महिला की उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है। महिला ने नीले रंग का सूट, काले रंग की सलवार पहनी है। महिला के एक पैर में काला धागा भी बंधा है। पैरों में बिछिया पहनी हुई हैं और मांग में सिंदूर पाया गया है। जिस कारण मृतक महिला के हिन्दू होना माना जा रहा है।
शव को तोड़-मरोड़ कर किया गया है सूटकेस में बन्द :
पुलिस के मुताबिक सूटकेस के अन्दर महिला के शव को तोड़-मरोड़ कर बन्द किया हुआ है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और नाक से खून निकला हुआ था। जिसे देखकर लग रहा है कि गला दबाकर महिला की हत्या की गई है। ऐसा माना जा रहा है कि किसी दूसरी जगह हत्या कर लाश को सूटकेस में यहां फेंका गया है।
अधिकारी कथन :
किसी दूसरी जगह महिला की हत्या करके शव को सूटकेस में बन्द करके यहां फेंका गया है। महिला की शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिसकी शिनाख्त हो जाने के बाद ही मामले का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
अजय कुमार सिंह, एसीपी अंकुर विहार गाजियाबाद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!