दबंगों ने पहले महिला से की छेड़छाड़, फिर विरोध करने पर पति को दूसरी मंजिल से फेंका

Ghaziabad News : कविनगर थानाक्षेत्र के गोविन्दपुरम में पत्नी के साथ हुई छेड़छाड़ का विरोध करना पति को उस वक्त काफी मंहगा पड़ गया, जब विरोध करने से नाराज दबंगों ने पहले तो महिला के पति के साथ जमकर मारपीट की। फिर आरोपियों ने घायल पति को दूसरी मंजिल की छत से नीचे फेंक दिया। घायल को इलाज के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार एक महिला अपने परिवार के साथ कविनगर थानाक्षेत्र के गोविन्दपुरम कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है। आरोप है कि 18 जून को पड़ोस में ही किराए पर रहने वाले दो युवकों ने महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ की थी। छेड़छाड़ की इस घटना की जानकारी महिला ने अपने पति को दी। जिसके बाद पीड़ित महिला के पति ने आरोपियों से इस छेड़छाड़ का विरोध किया।
विरोध करने से नाराज दबंगों ने महिला के पति को मारपीट के बाद दूसरी मंजिल से फेंका :
जब महिला के पति ने पड़ोस में किराए पर रहने वाले दोनों आरोपियों से छेड़छाड़ का विरोध किया तो इस बात से नाराज होकर दोनों युवकों ने पहले तो महिला के पति की जमकर पिटाई की। फिर इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित पति को मकान की दूसरी मंजिल की छत पर ले जाकर नीचे फेंक दिया। महिला के पति को घायल अवस्था में उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी :
पीड़ित महिला गुरूवार शाम कविनगर थाने पहुंची और पुलिस से आपबीति सुनाते हुए आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *